पटाखे नहीं, परम्परागत ढंग से दीपावली मनाता है झारखंड का जनजातीय व मूलवासी समाज

 


दीप पर्व दीपावली वैसे तो देश ही नहीं, विदेशों में भी मनाई जाती है लेकिन झारखंड के जनजातीय और मूलवासियों में इसको मनाने की परम्परा कुछ अलग ही है। खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा सहित अन्य जिलों में चार दिनों का दीपोत्सव होता है। कार्तिक महीने की कृष्ण त्रयोदशी से कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि तक दीपावली मनाई जाती है।

त्रयोदशी से ही लोग घरों में दीप जलाकर पूजा-अर्चना करते हैं। इस दिन को धनतेरस भी कहा जाता है। हाल के दिनों में धनतेरस के दिन बर्तन सहित अन्य सामान की खरीदारी करने का प्रचलन बहुत बढ़ गया है। पहले गांव-देहात में यह परम्परा नहीं थी। लोग सिर्फ झाड़ू की ही खरीदारी करते थे लेकिन अब हिंदू तो क्या, दूसरे समुदाय के लोग भी धनतेरस के दिन खरीदारी करना शुभ मानने लगे और बर्तन आदि खरीदते हैं। दिवाली के एक दिन पहले लोग मंदिरों और अन्य देव स्थलों पर दीप जलाने के बाद घरों में दीये जलते हैं।

जनजातीय समाज में दी जाती है बलि –

जनजातीय समाज के अलावा कुछ गैर आदिवासी समाज में दिवाली की रात मुर्गे की बलि देने की परम्परा है। रात को लोग गोशाला में पूजा-अर्चना के बाद मुर्गे की बलि देते हैं और गोवंश की रक्षा की कामना करते हैं लेकिन यह बेहद गुप्त रूप से किया जाता है। इसमें सिर्फ परिवार के लोग ही शामिल होते हैं और प्रसाद के रूप में मुर्गे का मीट खाते हैं।

पशुओं का करते हैं श्रृंगार –

दिवाली की सुबह घर के गाय, बैल, भैस, बकरी आदि पशुओं को तालाबों, सरोवरों और नदियों में ले जाकर नहलाया जाता है। घर आकर उन्हें तेल मालिश करने के बाद उनका श्रृंगार किया जाता है। उस दिन मवेशियों को उड़द, चावल, कुम्हड़ा, कद्दू आदि से बनी खिचाड़ी खिलाते हैं। इसे पखवा खिलाना कहते हैं। हिंदू समाज में मवेशियों को खिलाने का भी मुहूर्त देखा जाता है, जिसे पुरोहित बताते हैं। दीपावली के तीसरे दिन गोधन कुट और पछली दिवाली मनाई जाती है।

पुराने सूप-दौरों से भगाया जाता है दरिद्र –

झारखंड की दक्षिण भाग में दीपावली के दूसरे दिन तड़के गांव के लोग पुराने सूप-दौरा और अन्य सामानों को पूरे घर में डंडे से पिटते हुए घर से बाहर निकलते हैं और गांव के एक निश्चित स्थान पर उन्हें जला दिया जाता है। हालांकि, बदलते परिवेश और आधुनिकता के इस दौर में यह परम्परा अब लुप्त होती जा रही है। कर्रा प्रखंड के बिकुवादाग गांव के पुरोहित सदन गोपाल शर्मा और दिलीप शर्मा बताते हैं कि लोग अपनी संस्कृति और परम्परा को भूलते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूप-दौरा जलाने की परंपरा को दसा-मसा खेदना भी कहते हैं, जो दिवाली के दूसरे दिन होता है। सदन गोपाल शर्मा ने कहा कि दसा-मसा जलाने के बाद ही लोग ठंड से बचने के लिए आग तापना शुरू करते हैं, जो होलिका दहन तक चलता रहता है।

Comments

Popular posts from this blog

Video of 60 girls taking a bath goes viral, 8 attempt suicide :- Chandigarh university MMS

Mathuresh Srivastava is the Executive Director and Chairman of Arsha Group of Companies.

Former Tata Group chairman Cyrus Mistry passes away